Zen

Zen

Monday, 2 November 2026

इबादत जो कायनात बन गई

 

उसकी इबादत मैं हूँ,

उसका सजदा, उसकी ख़ामोश सलात।

उसकी अज़ान भी मैं,

उसकी तौहीद भी मैं

वह यक़ीन, जिसमें कोई दूसरा नहीं।

 

उसके सजदे की ज़मीन मैं

जहाँ थकी हुई रूह

अपनी तमाम आरज़ुएँ रख देती है

उसका सौम मैं, उसका इफ़्तार,   

उसके क़दमों के नीचे की ज़मीं भी मैं,

और उसके ऊपर फैला

बेअंत आसमान भी मैं।

 

मुहब्बत और क्या हो सकती है?

एक रूह और कितना दे सकती है?

 

फिर भी,

इस मुकम्मल होने के भीतर

एक ख़ालीपन बाक़ी है।

 

समाज ने जो दीवारें उठाई हैं,

उनमें हमारी मुहब्बत के लिए

न कोई खिड़की है,

न कोई दरवाज़ा

जिससे वह बेख़ौफ़ दुनिया में दाख़िल हो सके।

 

सो हम एक अजीब तन्हाई में जीते हैं

एक-दूसरे में सब कुछ पाकर भी,

बस इतनी-सी मेहरबानी से महरूम

कि दुनिया हमें देख सके।

 

~ डॉ. इन्ताज मलेक

 


No comments:

Post a Comment